QR कोड का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर ठग फरार, दुकानदार परेशान
शाहजहांपुर। ऑनलाइन भुगतान के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर ठग अब नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। शाहजहांपुर में तीन शातिर युवकों ने फर्जी QR कोड भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर करीब 15 हजार रुपये के कपड़े और पेट्रोल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
QR कोड ठगी का यह मामला शहर के गौहरपुरा इलाके का है। यहां रहने वाले मोहम्मद नावेद की रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर सोमवार को बिना नंबर प्लेट की बाइक से तीन युवक पहुंचे। उस समय नावेद दुकान पर मौजूद नहीं थे। युवकों ने घर में कार्यक्रम होने की बात कहकर कपड़े खरीदने की इच्छा जताई। कर्मचारियों ने कुछ देर इंतजार करने को कहा, जिसके बाद एक युवक ने मोबाइल से नावेद को फोन कर दुकान पर बुला लिया।

दुकान पहुंचने के बाद नावेद ने ग्राहकों को कपड़े दिखाए। तीनों युवकों ने करीब 15 हजार रुपये के कपड़े खरीदे। भुगतान के लिए उन्होंने ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने की बात कही। आरोपियों ने QR कोड स्कैन किया और मोबाइल स्क्रीन पर भुगतान सफल होने का संदेश दिखा दिया। स्क्रीनशॉट देखकर नावेद को भरोसा हो गया और उन्होंने सामान दे दिया।
कुछ देर बाद जब खाते में पैसे नहीं पहुंचे तो नावेद को शक हुआ। उन्होंने तुरंत खाते की जांच की, लेकिन कोई भुगतान प्राप्त नहीं हुआ था। इसके बाद उन्होंने स्कूटी से युवकों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। जिस मोबाइल नंबर से नावेद को कॉल की गई थी, उस पर संपर्क करने पर आरोपियों ने अभद्रता और गाली-गलौज की।
बताया जा रहा है कि इसके बाद यही तीनों युवक मीरानपुर कटरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। वहां उन्होंने बाइक में पेट्रोल भरवाया और फिर से फर्जी QR भुगतान का तरीका अपनाया। सेल्समैन को जब खाते में रकम नहीं मिली तो सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में तीनों युवक साफ दिखाई दिए।
बुधवार को घटना से जुड़े वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल होने लगे। वीडियो में आरोपी बाइक पर कपड़ों के थैले लेकर जाते और पेट्रोल भरवाते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
इस मामले में एसपी सौरभ दीक्षित को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है। जिले में इससे पहले भी QR कोड स्कैन कर फर्जी भुगतान करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। साइबर सेल लगातार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।
सीओ साइबर शुभम वर्मा ने बताया कि लोगों को ऑनलाइन भुगतान प्राप्त होने के बाद बैंक खाते में रकम की पुष्टि जरूर करनी चाहिए। केवल स्क्रीनशॉट या मोबाइल संदेश देखकर भरोसा नहीं करना चाहिए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
