भाजपा में बड़ा फेरबदल, चार राज्यों में बदले प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इस फेरबदल को आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदलाव के तहत दिल्ली की जिम्मेदारी केंद्रीय राज्यमंत्री और पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है। वहीं पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों, हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व के इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

दिल्ली भाजपा की कमान संभालने वाले हर्ष मल्होत्रा पहले से केंद्र सरकार में राज्यमंत्री हैं। उनके पास सड़क परिवहन मंत्रालय में जिम्मेदारी है। पार्टी ने उन्हें राजधानी में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी को धार देने के उद्देश्य से यह जिम्मेदारी दी है। हर्ष मल्होत्रा लंबे समय से दिल्ली भाजपा की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
हरियाणा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी डॉ. अर्चना गुप्ता को दी गई है। वह मोहन लाल बडौली की जगह लेंगी। खास बात यह है कि हरियाणा भाजपा के इतिहास में पहली बार किसी महिला नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। डॉ. अर्चना गुप्ता अभी तक प्रदेश महामंत्री के रूप में काम कर रही थीं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति को महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। वह मूल रूप से पानीपत की रहने वाली हैं और पेशे से रेडियोलॉजिस्ट हैं। पार्टी संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
पंजाब में भाजपा ने बड़ा राजनीतिक दांव खेलते हुए केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों और मालवा बेल्ट में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। केवल सिंह ढिल्लों बरनाला के पूर्व विधायक रह चुके हैं और लंबे समय तक कांग्रेस में सक्रिय थे।
साल 2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। इसके बाद भाजपा ने उन्हें संगरूर लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार भी बनाया था। फिलहाल वह पंजाब भाजपा की कोर कमेटी में शामिल थे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसान और कारोबारी वर्ग में प्रभाव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है।
त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने पूर्वोत्तर राज्यों में संगठन को और मजबूत करने के लिए यह फैसला लिया है। भाजपा लगातार पूर्वोत्तर में अपनी पकड़ बनाए रखने पर जोर दे रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब कई राज्यों में चुनावी गतिविधियां तेज हो रही हैं। पार्टी संगठन स्तर पर नए चेहरों और अनुभवी नेताओं के संतुलन के जरिए आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की रणनीति पर काम कर रही है। आने वाले दिनों में इन नए अध्यक्षों के सामने संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों की बड़ी चुनौती होगी।
